जानकारी के अनुसार गुरुकुदवाया गांव निवासी किसान सोनू पाल ने कुछ समय पहले करीब ढाई बीघा जमीन खेती के लिए खरीदी थी। उसी जमीन को गांव का ही किसान जगदीश धाकड़ कम दाम में खरीदना चाहता था। जमीन सोनू पाल द्वारा खरीद लिए जाने के बाद से दोनों के बीच रंजिश चल रही थी।
किसान सोनू पाल ने बताया कि उन्होंने अपनी ढाई बीघा जमीन में धनिया की फसल बोई थी। फसल पकने के बाद उसे काटकर खेत में सूखने के लिए छोड़ दिया गया था। सोमवार शाम तक फसल खेत में ही पड़ी थी, लेकिन मंगलवार सुबह जब वह खेत पर पहुंचे तो करीब दो बीघा में रखी कटी हुई धनिया की फसल गायब मिली।
तलाश करने पर कटी हुई धनिया की फसल पास बह रही नदी में पड़ी मिली। किसान का आरोप है कि सोमवार शाम को उन्होंने जगदीश धाकड़ को कुछ अन्य लोगों के साथ अपने खेत के आसपास घूमते देखा था। आशंका है कि रात में रंजिश के चलते फसल को नदी में फेंक दिया गया, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
किसान ने इस मामले में मायापुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।