शिवपुरी में शॉर्ट सर्किट से टपरिया में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:शिवपुरी शहर के देहात थाना क्षेत्र के लुधावली इलाके में मंगलवार देर रात शॉर्ट सर्किट के कारण एक टपरिया में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि टपरिया में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि घर के अंदर मौजूद बुजुर्ग महिला और एक बच्ची समय रहते बाहर निकल आईं, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार टपरिया के मालिक अर्धेश गोस्वामी ने बताया कि घटना के समय वह और उनके माता-पिता घर पर मौजूद नहीं थे। घर के ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइनों में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे निकली चिंगारी टपरिया पर गिर गई और देखते ही देखते आग भड़क उठी।

जब अर्धेश गोस्वामी घर पहुंचे, तब तक आग पूरी टपरिया को अपनी चपेट में ले चुकी थी। उनकी बुजुर्ग मां और छोटी भतीजी उस समय अंदर सो रही थीं, लेकिन आग की भनक लगते ही दोनों सुरक्षित बाहर निकल आईं। हालांकि टपरिया में बंधी एक गाय आग की चपेट में आने से झुलस गई।

आगजनी की इस घटना में टीवी, कूलर, राशन, ड्रम में रखा गेहूं, घरेलू सामान और 40 से 50 हजार रुपये नकद जलकर खाक हो गए। अर्धेश गोस्वामी की खिलौनों की दुकान का पूरा स्टॉक भी इसी टपरिया में रखा था, जो पूरी तरह नष्ट हो गया। परिवार ने इस हादसे में करीब डेढ़ से दो लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया है।

पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है। उनका कहना है कि घर के ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइनें काफी नीचे थीं, जिसके कारण शॉर्ट सर्किट हुआ और यह हादसा हुआ। परिवार अब शासन-प्रशासन से मदद की उम्मीद कर रहा है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)