सागर शर्मा शिवपुरी:शिवपुरी जिले के करैरा में शुक्रवार देर रात एक भीषण आग की घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। नया बस स्टैंड स्थित कनकने वस्त्रालय के मकान और गोदाम में रात करीब 3 बजे अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और गोदाम में रखी लाखों रुपये की साड़ियां और कपड़े जलकर राख हो गए।
बताया जा रहा है कि कपड़ा व्यापारी जगदीश कनकने के मकान में नीचे दुकान और पीछे बड़ा गोदाम बना हुआ था, जबकि ऊपर की मंजिल पर उनका परिवार रहता था। आग लगते ही पूरे मकान में धुआं भर गया। जान बचाने के लिए परिवार के लोगों ने साड़ी को रस्सी की तरह बांधकर छज्जे से नीचे उतरकर किसी तरह अपनी जान बचाई।
4 जगहों से बुलानी पड़ी फायर ब्रिगेड
आग इतनी भीषण थी कि उसे बुझाने के लिए करैरा नगर परिषद के साथ-साथ शिवपुरी, नरवर और मगरौनी से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलानी पड़ीं। करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह लगभग 6 बजे आग पर काबू पाया जा सका।
लाखों का नुकसान
मकान मालिक जगदीश कनकने के मुताबिक आगजनी में उनका पूरा मकान और कपड़ों से भरा गोदाम जलकर खाक हो गया। हालांकि दुकान का कुछ हिस्सा बचा लिया गया, लेकिन उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
पुलिस कर रही जांच
करैरा थाना प्रभारी विनोद सिंह छावई ने बताया कि रात करीब 3 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।