सागर शर्मा शिवपुरी: खबर शिवपुरी जिले के करैरा पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से अवैध कट्टा और जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी महेन्द्र सिंह पुत्र हाकिम सिंह गुर्जर (45 वर्ष) निवासी ग्राम उटवाहा थाना दिनारा हाल यादव मोहल्ला करैरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 14 मार्च 2026 को वह अपने राइन मार्केट स्थित मकान पर था। इसी दौरान उसके मकान के सामने खड़े मनोज सेंगर उर्फ मल्लू बाबा से पूछने पर आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
जब फरियादी ने विरोध किया तो आरोपी ने जान से मारने की नीयत से कट्टे से फायर कर दिया, जिससे गोली फरियादी की बाईं पसलियों में लगी। इसके बाद आरोपी ने कट्टे की बट से उसके माथे पर भी हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।
रिपोर्ट के आधार पर थाना करैरा में अपराध क्रमांक 174/26 धारा 109, 296(a) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ द्वारा जिले में अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी करैरा डॉ. आयुष जाखड़ (IPS) के मार्गदर्शन में करैरा पुलिस ने सर्च अभियान चलाकर आरोपी मनोज सेंगर उर्फ मल्लू बाबा पुत्र हाकिम सिंह सेंगर निवासी चकरा थाना लहचूरा जिला झांसी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का कट्टा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है, जिसके बाद प्रकरण में धारा 25/27 आर्म्स एक्ट का इजाफा किया गया है
इस कार्रवाई में थाना करैरा पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।