सागर शर्मा शिवपुरी:शिवपुरी शहर के फिजिकल थाना क्षेत्र में एक कोचिंग शिक्षक पर 14 वर्षीय छात्रा से अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया है। छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक राकेश बिजोले के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कम नंबर आने का बहाना बनाकर रोका
छात्रा ने पुलिस को बताया कि 11 मार्च 2026 की शाम करीब 4:30 बजे वह अपने कोचिंग शिक्षक राकेश बिजोले के पटेल नगर स्थित पुराने घर में संचालित कोचिंग पढ़ने जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में शिक्षक ने उसकी जीन्स में बनी डिजाइन को देखकर बुरी नीयत से उसके घुटने को छू लिया।
छात्रा के अनुसार, जब शाम करीब 6 बजे अन्य बच्चे कोचिंग से चले गए, तब शिक्षक ने उसे कम नंबर आने का बहाना बनाकर रोक लिया। आरोप है कि शिक्षक ने छात्रा को कंधों से पकड़कर उठाया, उसे गले लगाया और उसके गाल पर किस किया।
डर के कारण एक दिन तक चुप रही छात्रा
घटना के बाद छात्रा काफी डर गई थी और उसने शुरुआत में घर पर किसी को कुछ नहीं बताया। अगले दिन उसने पूरी घटना अपने परिजनों को बताई। इसके बाद परिजन छात्रा को लेकर फिजिकल थाना पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने आरोपी शिक्षक राकेश बिजोले के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की धारा 75(1), 11 और 12 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।