सागर शर्मा शिवपुरी:खबर विश्व गीता प्रतिष्ठानम् के तत्वाधान में झांसी रोड स्थित भूमिया बाबा मंदिर पर नव सम्वत्सर का उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 6 बजे मुख्य अतिथि अपर कलेक्टर पं. दिनेश चंद्र शुक्ला सहित गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुई।
इसके बाद जिला उत्सव प्रमुख सुरेंद्र शर्मा द्वारा ब्रह्म ध्वजारोहण किया गया, जिसमें वैदिक राष्ट्रगीत के साथ वातावरण भक्तिमय हो गया। प्रातः 6:10 बजे पंडित अनिल शास्त्री द्वारा स्वस्तिवाचन, मंगल पाठ और हिमाद्रि संकल्प कराया गया।
सूर्योदय के समय शंखनाद के साथ भगवान भास्कर का स्वागत किया गया और सभी श्रद्धालुओं ने सूर्य को अर्ध्य अर्पित किया। चंदन, अक्षत और पुष्प अर्पित कर भगवान के 12 नामों से नमस्कार किया गया। इसके साथ ही श्रीमद्भगवद्गीता के 15वें अध्याय ‘पुरुषोत्तम योग’ का सामूहिक पाठ भी किया गया।
कार्यक्रम में पंचांग पूजन और काल गणना सुरेंद्र धिगर्रा द्वारा कराई गई। मुख्य वक्ता पं. दिनेश चंद्र शुक्ला ने अपने उद्बोधन में गीता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया।
अंत में आरती, कल्याण मंत्र और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस दौरान नीम, काली मिर्च और गुड़ की गोली का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही।