सागर शर्मा शिवपुरी: खबर शिवपुरी जिले में सट्टा और जुआ के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बदरवास पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना प्रभारी रोहित दुबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सट्टा लगाते एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ द्वारा जिले में सट्टा और जुआ के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के पालन में 14 मार्च 2026 को थाना प्रभारी निरीक्षक रोहित दुबे ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओपी) कोलारस संजय मिश्रा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित कर कार्रवाई की।
पुलिस टीम ने सिल्वर होटल के पास दबिश देकर तेजा उर्फ अभिषेक गर्ग (25 वर्ष) पुत्र जगदीश गर्ग निवासी बदरवास को सट्टा की पर्ची काटते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से दो सट्टा पर्चियां, 1080 रुपये नगद और एक लीड पेन जब्त किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 101/26 धारा 4(क) जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि थाना प्रभारी रोहित दुबे के नेतृत्व में बदरवास पुलिस लगातार अवैध गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई कर रही है, जिससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत हो रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रोहित दुबे, सउनि राकेश शिवहरे, सउनि विवेक भट्ट, आरक्षक दीनू रघुवंशी एवं सैनिक बेदप्रकाश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।