📸 फोटो कैप्शन: जिला अस्पताल शिवपुरी में भर्ती घायल युवक, साथ में परिजन मौजूद।
जानकारी के अनुसार अढजार गांव निवासी राजकुमार वंशकार शुक्रवार शाम गांव की सड़क किनारे स्थित एक दुकान पर बीड़ी लेने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने दुकान पर रखी पानी की बोतल से पानी पी लिया।
आरोप है कि इसी बात को लेकर बदन गांव निवासी रावसिंह लोधी ने आपत्ति जताई और जातिसूचक टिप्पणी करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। जब राजकुमार ने विरोध किया तो आरोपी ने उनके साथ मारपीट कर दी। किसी तरह राजकुमार वहां से जान बचाकर अपने घर पहुंचे।
देर शाम घर में घुसकर फिर हमला
पीड़ित की पत्नी किरण वंशकार के मुताबिक, शाम के समय कुछ लोग बाइक से उनके घर पहुंचे और राजकुमार के साथ दोबारा मारपीट करने लगे। जब उन्होंने बीच-बचाव किया तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की और घर में तोड़फोड़ कर दी। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों को बचाया।
डायल-112 से पहुंची पुलिस
घटना की सूचना डायल-112 को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल राजकुमार को पिछोर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल शिवपुरी रेफर कर दिया गया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।