सागर शर्मा शिवपुरी:शिवपुरी शहर के गुना बायपास पर शनिवार सुबह एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई। सड़क पार करते समय एक मगरमच्छ का मासूम बच्चा अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
यह घटना वैशाली गार्डन के पास की बताई जा रही है। सुबह जब राहगीरों की नजर सड़क पर पड़ी तो उन्होंने एक छोटे मगरमच्छ का कुचला हुआ शव देखा। यह दृश्य देखकर लोग भावुक हो गए। लोगों ने तुरंत मानवता दिखाते हुए शव को सड़क से हटाकर किनारे किया और पुलिस को सूचना दी।
वन विभाग ने शव कब्जे में लिया
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी वन विभाग को दी। इसके बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मगरमच्छ के शव को अपने कब्जे में ले लिया। मौत के सही कारणों की पुष्टि के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
नालों के रास्ते शहर तक पहुंच जाते हैं मगरमच्छ
घटनास्थल के आसपास खेत और पेड़-पौधे हैं। आशंका जताई जा रही है कि मगरमच्छ का यह बच्चा इन्हीं क्षेत्रों से निकलकर सड़क पर आ गया होगा और किसी तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आ गया।
दरअसल, शिवपुरी की प्रसिद्ध सांख्य सागर झील में बड़ी संख्या में मगरमच्छ पाए जाते हैं। कई बार ये नालों और जलमार्गों के सहारे शहर के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंच जाते हैं। ऐसे में सड़क दुर्घटनाओं का शिकार होने की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं।
⚫ एक मासूम वन्यजीव की इस दर्दनाक मौत ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है— क्या शहर की सड़कों पर वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम हैं?