सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र में एक मामूली सी बात ने हिंसक रूप ले लिया। ढाबे पर जली हुई रोटी परोसने का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि होटल मालिक, उसके भाइयों और वेटर ने मिलकर युवक को लोहे के सरिए और लात-घूसों से बेरहमी से पीटा। घायल युवक ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय पहुंचकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
खाना खाने गया, जली रोटी पर शुरू हुआ विवाद
चक्क बिजरावन गांव निवासी महेश परिहार ने शिकायत में बताया कि वह 2 मार्च की रात करीब 8 बजे पोहरी रोड स्थित गिर्राज होटल पर खाना खाने गया था। भोजन के दौरान जब उसने वेटर से रोटी मांगी, तो उसे जली हुई रोटी परोस दी गई। महेश ने रोटी बदलने की बात कही और होटल संचालक को इसकी जानकारी दी। इसी बात पर विवाद बढ़ गया।
जमीन पर पटककर सरिए से हमला
पीड़ित का आरोप है कि जली रोटी की शिकायत से नाराज होटल संचालक मुकेश रावत, उसके दो भाइयों और वेटर ने पहले गाली-गलौज की। विरोध करने पर उन्होंने महेश को पकड़कर जमीन पर पटक दिया और लात-घूसों से मारपीट की। आरोप है कि लोहे के सरिए से भी हमला किया गया, जिससे उसकी आंख के ऊपर, गाल और कंधे में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
झूठे केस में फंसाने की धमकी
महेश का कहना है कि मारपीट के बाद आरोपियों ने उसे धमकाया कि यदि उसने पुलिस में शिकायत की तो उसे झूठे मामले में फंसा दिया जाएगा। भय और आक्रोश के बीच पीड़ित ने हिम्मत जुटाई और मंगलवार को एसपी कार्यालय पहुंचकर लिखित आवेदन सौंपा।
एससी/एसटी एक्ट में कार्रवाई की मांग
पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ अनुसूचित जाति एवं जनजाति (SC/ST) अधिनियम सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस अधिकारियों ने आवेदन लेकर जांच का आश्वासन दिया है।
सवालों के घेरे में कानून-व्यवस्था
शहर में एक साधारण उपभोक्ता शिकायत पर इस तरह की हिंसा ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और आरोपियों पर क्या कार्रवाई होती है।