सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के करैरा थाना क्षेत्र के सिल्लारपुर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। तीन लोगों ने मिलकर युवक पर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से हमला कर दिया। घायल युवक की शिकायत पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सिल्लारपुर निवासी कांतेश ओझा (30) ने करैरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 11 मार्च को दोपहर करीब 3:30 बजे वह अपने घर के बाहर खड़े थे। तभी गांव के प्रमोद केवट, शिवम केवट और सागर केवट वहां पहुंचे और पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर तीनों आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया।
मारपीट के दौरान कांतेश के बाएं हाथ की कलाई के पास गंभीर चोट लग गई, जिससे खून निकल आया। इसके अलावा उनकी पीठ और दाहिने पैर की पिंडली में भी चोटें आईं। शोर सुनकर उनकी पत्नी छाया ओझा और मां हसमुखी ओझा मौके पर पहुंचीं और बीच-बचाव कर उन्हें बचाया।
घटना के बाद आरोपियों ने पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद घायल कांतेश को 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज कराने के बाद उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई।
घायल के भाई हरगोविंद ओझा ने आरोप लगाया है कि विवाद के दौरान आरोपियों ने गोली चलाने की भी कोशिश की थी। फिलहाल पुलिस ने प्रमोद केवट, शिवम केवट और सागर केवट के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।