सागर शर्मा शिवपुरी:शिवपुरी जिले में अवैध कॉलोनाइजरों और भूमाफियाओं के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ा और सख्त एक्शन शुरू कर दिया है। कलेक्टर रवीन्द्र चौधरी के कड़े निर्देशों के बाद करैरा में प्रशासन ने अवैध प्लाटिंग करने वालों पर शिकंजा कस दिया है। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध जमीन कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार करैरा तहसील क्षेत्र में बिना अनुमति के कॉलोनी काटकर जमीन की खरीद-फरोख्त की जा रही थी। इस मामले में एसडीएम अनुराग निगवाल ने जांच के बाद बड़ी कार्रवाई प्रस्तावित की है। बताया जा रहा है कि भूमि सर्वे क्रमांक 2533 के अलग-अलग हिस्सों पर मूल भूमि स्वामी सचिन जैन और सुमित सोनी द्वारा नियमों को दरकिनार कर अवैध प्लाटिंग की जा रही थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम अनुराग निगवाल ने दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने का प्रस्ताव तैयार किया है। साथ ही संबंधित जमीन के क्रय-विक्रय, रजिस्ट्री और नामांतरण पर रोक लगाने का प्रस्ताव भी कलेक्टर को भेजा गया है।
कलेक्टर की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति
कलेक्टर रवीन्द्र चौधरी ने साफ संदेश दिया है कि जिले में किसी भी तरह की अवैध कॉलोनाइजिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि आम लोगों की मेहनत की कमाई सुरक्षित रह सके।
प्रशासन की कार्रवाई से भूमाफियाओं में खौफ
जिला प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से अवैध प्लाटिंग करने वालों के हौसले पस्त हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर इसी तरह कार्रवाई जारी रही तो आने वाले समय में शिवपुरी जिले में अवैध कॉलोनियों का खेल पूरी तरह खत्म हो सकता है।
साफ संदेश:
शिवपुरी में अब कानून से ऊपर कोई नहीं… नियम तोड़ने वालों को सीधे जेल का रास्ता दिखाया जाएगा।