सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में एनएसयूआई शहर ब्लॉक अध्यक्ष समीर खान के नेतृत्व में आज छात्रों की विभिन्न समस्याओं को लेकर पीजी कॉलेज शिवपुरी में प्रदर्शन किया गया।
एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने कॉलेज परिसर में एकत्र होकर कॉलेज में व्याप्त अनियमितताओं, अव्यवस्थाओं और छात्रहित से जुड़े मुद्दों को उठाया तथा इसके विरोध में प्राचार्य प्रभारी को 15 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।
एनएसयूआई का कहना है कि कॉलेज में लंबे समय से कई मूलभूत समस्याएं बनी हुई हैं, जिनमें व्यवस्थाओं की कमी, छात्रों को होने वाली असुविधाएं और प्रशासनिक लापरवाही शामिल हैं। इन समस्याओं को लेकर कई बार ध्यान आकर्षित कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे छात्रों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।
इसी को देखते हुए संगठन ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि सभी समस्याओं का शीघ्र निराकरण किया जाए। साथ ही एनएसयूआई ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 7 दिनों के भीतर मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन द्वारा आगे उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी कॉलेज प्रशासन की होगी।
इस प्रदर्शन में फरदीन खान, हर्ष नागर, रेहान खान, रवि सेन, अरमान हुसैन, फरमान खान, प्रयाग जाट, शैलेश परमार, राहुल जाटव, अफशान मुस्तफा, अभिषेक जाटव, सोहिब खान, शुभम कुशवाह, अजर खान, अर्शन सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे और सभी ने एकजुट होकर छात्रहित में आवाज उठाई।