सागर शर्मा शिवपुरी: खबर शिवपुरी जिले के करैरा थाना क्षेत्र से एक नाबालिग लड़की के लापता होने का मामला सामने आया है। पिता ने पुलिस अधीक्षक शिवपुरी को आवेदन देकर गांव के ही एक युवक पर उसकी 14 वर्षीय बेटी को बहला-फुसलाकर भगाकर ले जाने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मचा हुआ है।
आवेदन के अनुसार घनश्याम केवट पुत्र अहिराम केवट निवासी ग्राम अमोला, तहसील करैरा ने बताया कि 1 मई 2026 को उनकी बेटी अनुष्का केवट उम्र 14 वर्ष 4 माह अपने रिश्तेदारों के यहां गई हुई थी। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गई।
पिता का कहना है कि जब काफी देर तक बेटी घर वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और आसपास के लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन कहीं कोई जानकारी नहीं मिली। बाद में परिवार को शक हुआ कि गांव का ही अर्जुन आदिवासी उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।
आवेदन में बताया गया है कि परिवार ने तुरंत थाना अमोला पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन आरोप है कि अब तक पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसी से परेशान होकर पिता ने एसपी कार्यालय पहुंचकर बेटी को सकुशल वापस दिलाने की गुहार लगाई है।
पीड़ित पिता ने आवेदन में कहा है कि उनकी बेटी अभी नाबालिग है और परिवार उसकी सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में भी घटना को लेकर चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर नाबालिग लड़की कहां है? क्या पुलिस जल्द उसे खोज पाएगी? और आरोपी युवक पर कब कार्रवाई होगी? फिलहाल परिवार प्रशासन से जल्द न्याय और बेटी की सुरक्षित वापसी की मांग कर रहा है।