आधी रात दबंगों का तांडव! किराना दुकान में घुसकर मारपीट, 30 हजार लूटने और गांव छोड़ने की धमकी का आरोप

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के दिनारा थाना क्षेत्र से दबंगई, मारपीट और लूट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्राम खिरिया जागीर निवासी श्रीमती रानी यादव पत्नी कल्लन सिंह यादव ने कलेक्टर शिवपुरी को आवेदन देकर गांव के कुछ लोगों पर आधी रात घर और दुकान में घुसकर हमला करने, मारपीट करने और 30 हजार रुपए लूट ले जाने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

आवेदन के अनुसार फरियादिया और उसका परिवार गांव में किराने की दुकान चलाकर जीवनयापन करता है। 10 मई 2026 की रात करीब 12 बजे आरोपी कृष्ण यादव पुत्र खुराज सिंह यादव और सतीश यादव पुत्र भज्जू यादव शराब के नशे में दुकान पर पहुंचे और पानी की बोतल व बिस्किट मांगने लगे।

महिला का आरोप है कि जब उसके पति ने सामान दिया तो आरोपियों ने अचानक गाली-गलौज शुरू कर दी और उसके पति के साथ मारपीट करने लगे। किसी तरह जान बचाकर परिवार घर के अंदर पहुंचा और दरवाजा बंद कर लिया। लेकिन आरोपियों का गुस्सा यहीं नहीं रुका।

आवेदन में बताया गया है कि रात करीब 2:30 बजे आरोपी दोबारा आए और घर पर पत्थर फेंकने लगे। इसके बाद दुकान का ताला तोड़कर अंदर रखा सामान बाहर फेंक दिया और दुकान में रखे 30 हजार रुपए लेकर फरार हो गए। घटना के बाद परिवार में दहशत फैल गई।

फरियादिया ने आरोप लगाया कि घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई थी, लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस बिना कार्रवाई किए वापस लौट गई। अगले दिन दिनारा थाने पहुंचने पर भी उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई।

महिला ने आवेदन में यह भी आरोप लगाया कि आरोपी गांव में शराब बेचने का काम करते हैं और राजनीतिक पकड़ के चलते पुलिस उन पर कार्रवाई नहीं कर रही। इतना ही नहीं, आरोपियों द्वारा लगातार गांव छोड़ने और जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही हैं।

आवेदन के मुताबिक आरोपी पक्ष के लोग कह रहे हैं कि अगर परिवार गांव में दिखाई दिया तो “जान से खत्म कर देंगे।” डर के कारण पीड़ित परिवार पिछले दो दिनों से इधर-उधर भटकने को मजबूर है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)