शिवपुरी:खबर शिवपुरी में आयोजित झा/ओझा समाज के द्वितीय निःशुल्क आदर्श सामूहिक विवाह सम्मेलन में उस समय भावुक और प्रेरणादायक माहौल बन गया, जब राष्ट्रीय मानवाधिकार एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष जितेंद्र रघुवंशी (जीतू) ने नवविवाहित 14 कन्याओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए 14 सिलाई मशीनें सप्रेम भेंट कीं। इस अनूठे उपहार ने सम्मेलन में मौजूद लोगों का दिल जीत लिया।
यह भव्य सामूहिक विवाह सम्मेलन ओझा समाज युवक मंडल मध्य प्रदेश (रजि.) समिति द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें 14 जोड़ों का विवाह पूरे वैदिक रीति-रिवाज और सामाजिक उत्साह के साथ संपन्न हुआ। सम्मेलन का उद्देश्य समाज में सादगीपूर्ण विवाह को बढ़ावा देना और जरूरतमंद परिवारों को सहयोग प्रदान करना रहा।
मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे जितेंद्र रघुवंशी (जीतू) का समाजजनों ने तिलक, माल्यार्पण, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि बेटियों को केवल उपहार देना ही नहीं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कदम बढ़ाना समाज की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। सिलाई मशीनें देकर उन्होंने नवविवाहिताओं को रोजगार और स्वाभिमान का संदेश देने का प्रयास किया।
सम्मेलन में मौजूद लोगों ने इस पहल की जमकर सराहना की। कई लोगों ने कहा कि ऐसे सामाजिक कार्य केवल मदद नहीं, बल्कि बेटियों के भविष्य को मजबूत बनाने का माध्यम बनते हैं। समारोह में पूरे समय उत्साह, अपनापन और सामाजिक एकता का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर समिति के प्रदेश अध्यक्ष बबलेश ओझा (राज), मनोज ओझा, मुनेश झा, टिंकल झा, एडवोकेट कृष्णकांत झा, गोविंद ओझा, सोनू ओझा, प्रदीप ओझा, अभिषेक ओझा, रविंद्र ओझा, राजू ओझा, नीरज ओझा, सत्येंद्र झा, अनुज झा, अरविंद ओझा सहित सम्मेलन समिति के अध्यक्ष नंदकिशोर ओझा एवं समाज के अनेक वरिष्ठजन मौजूद रहे। महिला मंडल की ओर से श्रीमती सुषमा ओझा, श्रीमती राधा ओझा और श्रीमती नीतू झा सहित कई महिलाओं ने भी आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
समारोह ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि जब समाज एकजुट होकर आगे बढ़ता है, तब केवल विवाह नहीं होते, बल्कि बेटियों के सपनों को भी नई उड़ान मिलती है। ❤️