करैरा बगीचा सरकार मंदिर विवाद में नया मोड़:पुजारी परिवार ने लगाए गंभीर आरोप, “800 लोगों की भीड़ ने मंदिर में घुसकर दी जान से मारने की धमकी”

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:ख़बर शिवपुरी जिले के करैरा स्थित प्रसिद्ध बगीचा सरकार मंदिर का विवाद अब लगातार गहराता जा रहा है। एक ओर संत समाज निष्पक्ष जांच और ट्रस्ट व्यवस्था की मांग कर रहा है, वहीं अब मंदिर के पुजारी परिवार ने भी प्रशासन को आवेदन देकर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुजारी परिवार का कहना है कि मंदिर परिसर में जबरन घुसकर अभद्रता, धमकी और महिलाओं के साथ बदसलूकी की गई, जिससे पूरा परिवार दहशत में है।

पुजारी अशोक गिरी महाराज की ओर से दिए गए आवेदन में बताया गया कि 12 मई 2026 को करीब 800 से अधिक लोगों की भीड़ मंदिर परिसर पहुंची और जबरन अंदर घुसने का प्रयास किया। आरोप है कि भीड़ ने मंदिर के मुख्य द्वार से लेकर निजी हिस्सों तक प्रवेश कर हंगामा किया और परिवार के सदस्यों के साथ अभद्र व्यवहार किया।

आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की की गई और परिवार को जान से मारने की धमकियां दी गईं। पुजारी परिवार का कहना है कि घटना के दौरान मंदिर परिसर में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी, जिसके कारण परिवार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।

पुजारी परिवार ने प्रशासन को दिए आवेदन में कहा है कि वे वर्षों से मंदिर में पूजा-अर्चना और व्यवस्थाएं संभालते आ रहे हैं, लेकिन अब कुछ लोग जबरन मंदिर की व्यवस्था अपने हाथ में लेने का प्रयास कर रहे हैं। परिवार का आरोप है कि पूरे विवाद को धार्मिक और सामाजिक रंग देकर माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है।

मामले को लेकर अब क्षेत्र में माहौल लगातार गर्माता जा रहा है। एक तरफ संत समाज मंदिर की आय-व्यय जांच, ट्रस्ट व्यवस्था और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग कर रहा है, तो दूसरी ओर पुजारी परिवार खुद की सुरक्षा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठा रहा है।

प्रशासन ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच के संकेत भी मिल रहे हैं। हालांकि अब बड़ा सवाल यही है कि आखिर आस्था के इस केंद्र में विवाद कब थमेगा और प्रशासन कैसे दोनों पक्षों के बीच बढ़ते तनाव को संभालेगा? 
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)