शिवपुरी में “एक्शन मोड” में नगर पालिका, ग्वालियर बायपास पर चली सख्त कार्रवाई:प्लास्टिक जब्त, दुकानदारों पर जुर्माना, गंदगी फैलाने वालों को अंतिम चेतावनी

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर पालिका अब पूरी तरह “एक्शन मोड” में नजर आ रही है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशन और नगर पालिका सीएमओ श्री इशांक धाकड़ के नेतृत्व में मंगलवार सुबह ग्वालियर बायपास स्थित कलारी क्षेत्र, बस प्रतीक्षालय और आसपास के बाजार में विशेष स्वच्छता एवं निरीक्षण अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान जहां गंदगी फैलाने वालों पर जुर्माना लगाया गया, वहीं प्लास्टिक पॉलिथीन और सिंगल यूज़ प्लास्टिक सामग्री भी जब्त की गई।

सुबह करीब 9 बजे नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची तो कई दुकानों के बाहर गंदगी, प्लास्टिक सामग्री और अस्वच्छ डस्टबिन पाए गए। सीएमओ श्री इशांक धाकड़ ने मौके पर ही दुकानदारों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि दुकान के बाहर सफाई रखना अब “विकल्प नहीं बल्कि जिम्मेदारी” है। उन्होंने सभी दुकानदारों को बड़े डस्टबिन रखने, प्रतिदिन सफाई करने और नगर पालिका की कचरा गाड़ी में ही कचरा डालने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान दो दुकानदारों पर चालानी कार्रवाई भी की गई। एक दुकान के बाहर गंदगी पाए जाने पर ₹150 का चालान काटा गया, जबकि दूसरे प्रतिष्ठान पर डस्टबिन नहीं मिलने पर ₹100 का जुर्माना लगाया गया। नगर पालिका टीम ने दोनों दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी कि अगली बार नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर बड़ी चालानी कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान नगर पालिका कर्मचारियों ने कई स्थानों से प्लास्टिक चम्मच, प्लास्टिक ग्लास, पानी पाउच और प्रतिबंधित प्लास्टिक पॉलिथीन जब्त की। सीएमओ इशांक धाकड़ ने कहा कि सिंगल यूज़ प्लास्टिक शहर की गंदगी और प्रदूषण का बड़ा कारण बन चुका है, इसलिए इसके उपयोग पर अब लगातार सख्ती की जाएगी।

कलारी क्षेत्र के आसपास फैली गंदगी और शराब पीने के बाद फेंके गए प्लास्टिक ग्लास एवं अन्य कचरे को लेकर भी प्रशासन ने नाराजगी जताई। नगर पालिका टीम ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों को गंदा करने वालों के खिलाफ अब लगातार निगरानी रखी जाएगी और शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई होगी।

सीएमओ श्री इशांक धाकड़ ने कहा कि कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा के मार्गदर्शन में नगर पालिका केवल खानापूर्ति नहीं कर रही, बल्कि शहर में स्थायी सुधार लाने के उद्देश्य से लगातार फील्ड में उतरकर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की कार्रवाई तभी सफल होगी जब आमजन भी स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी समझें।

नगर पालिका प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि खरीदारी करते समय कपड़े या जूट का थैला साथ रखें, प्लास्टिक पॉलिथीन का उपयोग बंद करें और अपने घरों एवं दुकानों का कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें। प्रशासन ने साफ कहा है कि स्वच्छ शिवपुरी बनाने का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और गंदगी फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)