शिवपुरी में पानी पर हंगामा! 15 दिन से सूखी टोंटियां, सड़क पर उतरे लोग

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी शहर इन दिनों भीषण जल संकट से जूझ रहा है और हालात इतने बिगड़ गए कि लोगों को सड़क पर उतरना पड़ा। फिजिकल क्षेत्र की संजय कॉलोनी में पिछले 15 दिनों से पानी की सप्लाई पूरी तरह ठप है, जिससे नाराज़ निवासियों ने सोमवार को फिजिकल सम्पमेल पर मुख्य मार्ग जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि घरों में नल सूखे पड़े हैं और पीने के पानी के लिए रोजाना जूझना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी मजदूर वर्ग को हो रही है, जो टैंकर से पानी खरीदने में असमर्थ हैं और मजबूरी में काम छोड़कर पानी के इंतजाम में जुटे हैं। सवाल उठता है—क्या शहर में पानी जैसी बुनियादी जरूरत भी अब संघर्ष बन गई है?

जानकारी के मुताबिक, सिंध जलावर्धन योजना के तहत शहर में 24 अप्रैल से जल आपूर्ति बंद है। फिल्टर प्लांट की तीन में से दो मोटरें खराब होने के कारण पूरे सिस्टम पर ब्रेक लग गया है। नगर पालिका मरम्मत का दावा तो कर रही है, लेकिन 15 दिन बाद भी हालात जस के तस हैं।

जाम के दौरान स्थिति तब और बिगड़ गई जब भुवनेश भार्गव नाम का एक युवक सड़क से गुजर रहे तीन पहिया लोडिंग वाहन को रोकने लगा। आरोप है कि वाहन में सवार लोगों ने उसके साथ मारपीट कर दी और मौके से फरार हो गए, जिससे उसके माथे पर गंभीर चोट आई और खून बहने लगा।

सूचना मिलते ही फिजिकल थाना प्रभारी कृपाल सिंह राठौड़ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाइश देकर करीब एक घंटे बाद जाम खुलवाया। इस दौरान नगर पालिका के अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया गया, जहां लोगों ने जमकर नाराजगी जाहिर की।

नगर पालिका के ईई सचिन चौहान ने मौके पर पहुंचकर आश्वासन दिया कि संजय कॉलोनी में टैंकरों से पानी भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि फिलहाल शहर में 60 टैंकरों के जरिए सप्लाई हो रही है और जरूरत पड़ने पर संख्या बढ़ाई जाएगी, साथ ही फिल्टर प्लांट की मोटरों की मरम्मत तेजी से जारी है और मंगलवार शाम तक पानी सप्लाई बहाल होने की उम्मीद जताई गई है।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)