बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले सर्किल जेल शिवपुरी में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें एपिसोड का सामूहिक प्रसारण किया गया। इस दौरान जेल में निरुद्ध बंदियों, जेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रधानमंत्री के विचारों को ध्यानपूर्वक सुना। कार्यक्रम में भारत विकास परिषद के पदाधिकारी एवं सदस्य भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में गंगा डॉल्फिन रेस्क्यू अभियान, तमिलनाडु की गिरजा अम्मा के प्रेरणादायी संकल्प तथा भीषण गर्मी के मौसम में स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने नागरिकों से लू से बचाव करने और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का आह्वान किया ।
बंदियों के लिए भेंट किए गए 15 कूलर
भीषण गर्मी को देखते हुए भारत विकास परिषद द्वारा सर्किल जेल शिवपुरी में निरुद्ध बंदियों की सुविधा के लिए 15 कूलर भेंट किए गए। इस मानवीय पहल की जेल प्रशासन ने सराहना करते हुए परिषद का आभार व्यक्त किया।
विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर नशामुक्ति का संदेश
विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर विशेष
जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें बंदियों को तंबाकू, गुटखा, सिगरेट एवं अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई।
भारत विकास परिषद के पदाधिकारियों ने बंदियों को नशामुक्त जीवन अपनाने, सकारात्मक सोच विकसित करने और कौशल विकास के माध्यम से बेहतर भविष्य निर्माण के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में सभी बंदियों को नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।
जेल प्रशासन ने जताया आभार
कार्यक्रम के दौरान सर्किल जेल अधीक्षक आर.सी. आर्य, उप जेल अधीक्षक रामशिरोमणी पाण्डेय सहित जेल स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम के समापन पर जेल अधीक्षक ने भारत विकास परिषद के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए उनके सहयोग की सराहना की।
सकारात्मक सोच और नशामुक्त जीवन का संदेश
इस अवसर पर बंदियों को यह संदेश दिया गया कि जीवन में सकारात्मक बदलाव लाकर और नशे से दूर रहकर वे अपने भविष्य को बेहतर बना सकते हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य बंदियों में जागरूकता, आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।