बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में भीषण गर्मी और पेयजल संकट के बीच कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने शहरवासियों को राहत देने के लिए बड़ा कदम उठाया है। नगर पालिका की व्यवस्थाओं को मजबूत करने के साथ-साथ अब डिप्टी कलेक्टर एवं अन्य विभागीय अधिकारियों को वार्डों में भेजकर पेयजल व्यवस्था की जमीनी हकीकत जानने और समस्याओं के त्वरित समाधान की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कलेक्टर श्री वर्मा ने एडीएम श्री दिनेश शुक्ला को इस पूरे अभियान का नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे शहर के विभिन्न वार्डों में पहुंचकर पेयजल आपूर्ति की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करें और आम नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित करें।
मोटर खराब होने के बावजूद शहर में पहुंच रहा पानी
जिला प्रशासन द्वारा शिवपुरी शहर की पेयजल व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कलेक्टर अर्पित वर्मा की सक्रिय निगरानी और त्वरित निर्णयों का ही परिणाम है कि मोटर खराब होने जैसी चुनौती के बावजूद शहर में व्यवस्थित तरीके से जलापूर्ति जारी रखी गई है।
अधिकारियों ने वार्डों में पहुंचकर जानी हकीकत
कलेक्टर के निर्देशानुसार विभिन्न वार्डों में नियुक्त अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने नागरिकों से चर्चा कर पानी की उपलब्धता, सप्लाई की स्थिति एवं आ रही समस्याओं की जानकारी ली।
नगर पालिका द्वारा जिन क्षेत्रों में टैंकरों के माध्यम से पानी की सप्लाई की जा रही है, वहां भी अधिकारियों ने पहुंचकर वास्तविक स्थिति का जायजा लिया और लोगों से फीडबैक प्राप्त किया।
एडीएम दिनेश शुक्ला भी निकले शहर भ्रमण पर
नोडल अधिकारी एडीएम श्री दिनेश शुक्ला ने भी सुबह शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। भ्रमण के दौरान सिद्धेश्वर मंदिर रोड के सामने स्थित एक कॉलोनी में पेयजल आपूर्ति बेहतर करने के लिए मोटर में पाइप बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र के लोगों को पर्याप्त पानी मिल सके।
शिकायत मिलते ही सुधार के निर्देश
निरीक्षण के दौरान जहां-जहां पाइपलाइन खराब होने, पेयजल आपूर्ति में बाधा आने अथवा साफ-सफाई संबंधी शिकायतें प्राप्त हुईं, वहां कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने तत्काल मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO) को आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनता की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता
कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा के नेतृत्व में जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि शहर के प्रत्येक नागरिक तक पर्याप्त एवं सुचारू पेयजल आपूर्ति पहुंचे। इसी उद्देश्य से प्रशासनिक अधिकारी लगातार फील्ड में उतरकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं और समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित कर रहे हैं।