पीड़ित ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार
सागर शर्मा शिवपुरी:ख़बर शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र में डायल-181 पर शिकायत करना एक युवक को भारी पड़ गया। युवक ने आरोप लगाया है कि शिकायत से नाराज आरोपियों ने उसे रास्ते में रोककर मारपीट की, मोबाइल छीन लिए और मजदूरी के 11 हजार रुपए भी जबरन ले गए। मामले को लेकर पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन के अनुसार कोलारस थाना क्षेत्र की जेल कॉलोनी निवासी घनश्याम लहरी ने एसपी को दिए शिकायती आवेदन में बताया कि उसके पुत्र अजीत लहरी ने आरोपी अमूललाल मिमला, सुखवीर बघेल और उनके 6-7 साथियों के खिलाफ डायल-181 पर शिकायत दर्ज कराई थी।
पीड़ित का आरोप है कि इसी शिकायत से नाराज होकर आरोपी 13 मई 2026 की रात करीब 8 बजे उसे रास्ते में रोककर धमकाने लगे। आरोपियों ने कहा कि “181 की शिकायत वापस ले ले, नहीं तो झूठे केस में जेल भिजवा देंगे।”
⚠️ विरोध करने पर जमकर मारपीट
आवेदन में बताया गया है कि जब पीड़ित ने शिकायत वापस लेने से इनकार किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि लात-घूंसों और डंडों से हमला किया गया, जिससे उसके सिर, हाथ, पैर और पीठ में चोटें आईं।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उसके दो मोबाइल फोन और मजदूरी के 11 हजार रुपए भी छीन लिए। जाते-जाते आरोपी धमकी देकर गए कि यदि दोबारा शिकायत की तो अंजाम और बुरा होगा।
🚔 एसपी से कार्रवाई और सुरक्षा की मांग
घनश्याम लहरी ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने, छीने गए मोबाइल और रुपए वापस दिलाने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि यदि शिकायत करने वालों को ही धमकाया और पीटा जाएगा, तो आम आदमी न्याय की उम्मीद किससे करेगा।
फिलहाल मामले को लेकर पुलिस द्वारा आवेदन प्राप्त कर जांच शुरू किए जाने की बात कही जा रही है। वहीं घटना के बाद पीड़ित परिवार दहशत में बताया जा रहा है