सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी शहर के लालमाटी क्षेत्र में बकरियां बांधने को लेकर शुरू हुआ विवाद अब गंभीर आपराधिक मामले में बदलता नजर आ रहा है। पीड़िता परिवार ने आरोप लगाया है कि पड़ोसी युवक ने घर में घुसकर महिलाओं के साथ मारपीट की, कपड़े फाड़े और अश्लील हरकतें कीं। घटना से आहत एक किशोरी ने फांसी लगाने का प्रयास कर लिया। अब पीड़ित परिवार ने एसपी को आवेदन देकर आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।
आवेदन के अनुसार लालमाटी स्थित दुबे नर्सरी के पास रहने वाली अफसाना बानो पत्नी कामिल मंसूरी ने बताया कि 13 मई 2026 को उन्होंने अपने बकरे-बकरियों को पास के खाली प्लॉट में बांधा था। इसी बात को लेकर पड़ोसी सोनू पटवा विवाद करने लगा और घर आकर अश्लील गाली-गलौज करने लगा।
पीड़िता का आरोप है कि जब उसने और उसकी बहनों ने गालियां देने से मना किया तो आरोपी घर में घुस आया और तीनों बहनों के साथ मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने एक बहन को घर से घसीटकर बाहर लाया और बीच बस्ती में उसके कपड़े फाड़ दिए।
⚠️ छोटी बहन ने लगाया फांसी का फंदा
आवेदन में बताया गया है कि घटना के बाद जब पीड़िता और उसकी छोटी बहन रिपोर्ट दर्ज कराने कोतवाली गई थीं, तभी आरोपी दोबारा घर पहुंच गया। आरोप है कि उसने घर में मौजूद छोटी बहन के साथ अश्लील हरकतें कीं और उसे धमकाने लगा।
परिवार का कहना है कि घटना से बुरी तरह आहत किशोरी ने घर के अंदर जाकर अपने दुपट्टे से फांसी लगा ली। मौके पर मौजूद परिजनों और पुलिसकर्मियों ने समय रहते उसे नीचे उतारा और जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
🛑 “रिपोर्ट करने के बाद भी आरोपी दे रहा धमकी”
पीड़िता ने आवेदन में आरोप लगाया कि 13 मई को कोतवाली में शिकायत देने के बावजूद अब तक आरोपी के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई। उल्टा आरोपी बार-बार घर आकर धमकियां दे रहा है।
आरोप है कि आरोपी कह रहा है — “रिपोर्ट करके क्या कर लिया, अब तुम्हें और तुम्हारी बहनों को बदनाम करूंगा।”परिवार ने कहा कि आरोपी के हौसले इतने बढ़ गए हैं कि अब उन्हें जान-माल का खतरा महसूस हो रहा है।
🚔 एसपी से सुरक्षा और कार्रवाई की मांग
पीड़िता अफसाना बानो ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने, परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
फिलहाल यह मामला शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है। महिलाओं के साथ मारपीट, कपड़े फाड़ने और किशोरी के आत्महत्या प्रयास जैसे गंभीर आरोपों के बाद लोगों में भी आक्रोश देखने को मिल रहा है।