सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी शहर में बिजली विभाग के एक कर्मचारी पर उपभोक्ता को फोन पर अभद्र भाषा में गाली-गलौज करने और घर से उठवाने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगे हैं। मामले को लेकर पीड़ित ने महिला थाना कोतवाली में आवेदन देकर आरोपी कर्मचारी के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन के अनुसार प्रार्थी रामेश्वर धाकड़ पुत्र रमेश चंद्र धाकड़, निवासी मनियर रोड शिवपुरी ने शिकायत में बताया कि कुछ दिन पूर्व उनके घर की बिजली सप्लाई बंद हो गई थी। इस संबंध में उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से मध्यप्रदेश क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों को शिकायत दर्ज कराई थी।
पीड़ित का आरोप है कि शिकायत दर्ज होने के बाद 9 मई 2026 की रात करीब 9 से 10 बजे के बीच बिजली कंपनी के पश्चिम क्षेत्र में पदस्थ ए.ई. रविंद्र कुमार जैन ने फोन लगाया। आरोप है कि बातचीत के दौरान अधिकारी ने उपभोक्ता के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए अश्लील मां-बहन की गालियां दीं और घर से उठवा लेने की धमकी भी दी।
आवेदन में उल्लेख किया गया है कि कथित धमकी और गाली-गलौज की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी पीड़ित के पास मौजूद है। शिकायतकर्ता का कहना है कि घटना के समय उनकी पत्नी रेखा धाकड़ भी मौजूद थीं, जिन्होंने पूरी बातचीत सुनी।
पीड़ित ने अपने आवेदन में आरोप लगाया कि एक जिम्मेदार शासकीय अधिकारी द्वारा इस प्रकार की भाषा और धमकी देना बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि आम उपभोक्ता बिजली समस्या की शिकायत करता है, लेकिन यदि शिकायत के बाद ही उसे धमकाया जाने लगे तो आम जनता न्याय के लिए कहां जाएगी।
शिकायतकर्ता ने महिला थाना पुलिस से आरोपी ए.ई. के खिलाफ उचित धाराओं में मामला दर्ज कर निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस द्वारा आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच किए जाने की बात कही जा रही है। वहीं यह मामला सामने आने के बाद शहर में बिजली विभाग की कार्यशैली को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।