शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले से केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शनिवार को शिवपुरी में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026 में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए “विकसित भारत 2047” का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि भारत अब राजनीतिक स्थिरता के उस दौर में प्रवेश कर चुका है
जिसकी नींव सत्ता नहीं, बल्कि विचारधारा, संघर्ष और तपस्या पर रखी गई है। कार्यक्रम से पहले सिंधिया ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के साथ करीब एक घंटे तक संगठनात्मक बैठक भी की।
सिंधिया ने कहा कि यह प्रशिक्षण महाभियान केवल संगठन का कार्यक्रम नहीं बल्कि आत्ममंथन, वैचारिक यात्रा और राष्ट्र निर्माण का मंच है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि विकसित भारत 2047 अब केवल सपना नहीं, बल्कि देश का संकल्प बन चुका है और इसे पूरा करने में हर कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
अपने संबोधन में उन्होंने भाजपा के संघर्षकाल को याद करते हुए कहा कि एक समय ऐसा था जब कहा जाता था कि “भाजपा कार्यकर्ता का एक पैर रेल में और दूसरा जेल में रहता था”, लेकिन आज उसी संघर्ष, समर्पण और वैचारिक शक्ति ने संगठन को विशाल वटवृक्ष बना दिया है।
सिंधिया ने कहा कि आज हर भाजपा कार्यकर्ता जनता के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी नेतृत्व का प्रतिनिधि है। इसलिए कार्यकर्ता का व्यवहार, सेवा भाव और कार्यशैली भी उसी स्तर की होनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में विकास, अधोसंरचना और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में जो कार्य हुए हैं, वैसा देश के इतिहास में पहले नहीं देखा गया।
गरीब कल्याण योजनाओं का जिक्र करते हुए सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब अन्न योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों तक राशन पहुंचा, वहीं पिछले वर्षों में लाखों परिवारों को पक्के मकान मिले हैं। उज्ज्वला योजना के जरिए महिलाओं को धुएं से राहत मिली और आयुष्मान भारत योजना ने गरीबों के स्वास्थ्य की सुरक्षा की नई व्यवस्था दी है।
उन्होंने JAM ट्रिनिटी (जनधन, आधार और मोबाइल) को देश की डिजिटल क्रांति का आधार बताते हुए कहा कि अब योजनाओं का लाभ सीधे लोगों के खातों तक पहुंच रहा है और तकनीक ने आम नागरिक को मजबूत बनाया है।
सिंधिया ने अनुच्छेद 370 हटाने, रामलला प्राण प्रतिष्ठा, राष्ट्रीय राजमार्ग, एयरपोर्ट और अधोसंरचना विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत आज विश्व मंच पर नई ताकत बनकर उभर रहा है।
अपने संबोधन के अंत में उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि “विकसित भारत 2047” केवल सरकार का नहीं, बल्कि हर नागरिक और कार्यकर्ता का साझा संकल्प है। सेवा, समर्पण और राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ आगे बढ़ना होगा। भाजपा का एक-एक योद्धा देश की प्रगति के लिए न रुकेगा और न झुकेगा।