बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में भाजपा के ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान’ के दौरान शिवपुरी में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही ‘कॉकरोच जनता पार्टी (CJP)’ को लेकर पूछे गए सवाल पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने अपनी प्रतिक्रिया दी।
दोनों नेताओं ने साफ कहा कि राजनीति सोशल मीडिया के ट्रेंड, वायरल पोस्ट या फॉलोअर्स से नहीं, बल्कि जनता के बीच रहकर किए गए काम से चलती है।
मीडिया से चर्चा के दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के साथ मजबूती से खड़ी है और “विकसित भारत 2047” के लक्ष्य को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने माना कि एक टिप्पणी के बाद CJP सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय जरूर बना, लेकिन भाजपा का फोकस केवल विकास और जनसेवा पर है।
सिंधिया ने कहा कि सोशल मीडिया पर हर दिन नए मुद्दे सामने आते हैं और कुछ समय के लिए चर्चा में रहते हैं, लेकिन असली राजनीति जमीन पर जनता के बीच रहकर काम करने से होती है। भाजपा लगातार देश को आगे बढ़ाने और विकास के एजेंडे पर काम कर रही है।
वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी सोशल मीडिया ट्रेंड को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि इंटरनेट की दुनिया और जमीनी राजनीति में बहुत बड़ा अंतर है। कई बार कोई विषय तेजी से वायरल हो जाता है और कुछ दिनों तक चर्चा में रहता है, लेकिन उसका प्रभाव लंबे समय तक नहीं टिकता। उन्होंने कहा कि राजनीति ट्रेंड, हैशटैग या फॉलोअर्स की संख्या से नहीं, बल्कि संगठन और जनता के विश्वास से चलती है।
खंडेलवाल ने आगे कहा कि भाजपा, कांग्रेस समेत सभी स्थापित राजनीतिक दल वर्षों से अपनी विचारधारा और संगठन के आधार पर जनता के बीच काम कर रहे हैं।
लंबे समय तक वही विचारधारा टिकती है, जो जनता के बीच सक्रिय रहती है। ऐसे में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की तुलना स्थापित राजनीतिक दलों से करना उचित नहीं है।
हालांकि जब उनसे CJP के एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर प्रतिबंध को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने इस विषय पर टिप्पणी करने से परहेज किया।
अब इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों के साथ सोशल मीडिया पर भी चर्चा तेज हो गई है कि क्या CJP सिर्फ एक वायरल ट्रेंड है या आने वाले समय में यह बहस और आगे बढ़ेगी?