बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आई कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को लेकर अब साइबर ठगी का मामला सामने आने लगा है।
आदरणीय पुलिस अधीक्षक महोदय के मार्गदर्शन एवं साइबर क्राइम शिवपुरी की निगरानी में नागरिकों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की गई है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि ऑनलाइन साइबर ठग CJP का सदस्य बनाने के नाम पर फर्जी लिंक, APK फाइल और मैसेज भेजकर लोगों को निशाना बना रहे हैं।
सायबर क्राइम शाखा के अनुसार कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) एक वायरल व्यंग्यात्मक ऑनलाइन राजनीतिक मूवमेंट के रूप में सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रही है, लेकिन कुछ साइबर अपराधी इसका गलत फायदा उठाकर लोगों को WhatsApp, Telegram और SMS के माध्यम से संदिग्ध लिंक भेज रहे हैं। इन लिंक पर क्लिक करने या APK फाइल डाउनलोड करने से मोबाइल डेटा, बैंकिंग जानकारी और निजी जानकारी चोरी होने का खतरा बढ़ सकता है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा भेजी गई APK फाइल डाउनलोड न करें और ऐसे लिंक को आगे फारवर्ड करने से भी बचें। यदि कोई ऐप डाउनलोड करनी हो तो केवल Google Play Store या आधिकारिक वेबसाइट से ही करें।
एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि यदि गलती से कोई संदिग्ध ऐप या APK फाइल इंस्टॉल हो जाए तो उसे तुरंत हटाएं और अपने सभी महत्वपूर्ण पासवर्ड बदल दें। साथ ही यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो तुरंत अपने बैंक को सूचित करें और नजदीकी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराएं।
आदरणीय पुलिस अधीक्षक महोदय के मार्गदर्शन में शिवपुरी पुलिस ने जनता से अपील की है कि घबराएं नहीं, सतर्क रहें और किसी भी साइबर अपराध की सूचना तत्काल दें।
📞 शिवपुरी साइबर क्राइम हेल्पलाइन: 7049123288
☎️ राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन: 1930
🌐 शिकायत हेतु वेबसाइट: www.cybercrime.gov.in�
⚠️ जागरूक रहें… सुरक्षित रहें… क्योंकि एक क्लिक आपकी मेहनत की कमाई पर भारी पड़ सकता है।