सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले की करैरा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहरण के मामले में लापता हुई नाबालिग बालिका को महज 24 घंटे के भीतर दस्तयाब कर उसके परिजनों को सुरक्षित सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में चलाए जा रहे नाबालिग बालक-बालिकाओं की शीघ्र दस्तयाबी अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, 14 मई 2026 को एक फरियादी ने थाना करैरा पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी 17 वर्षीय नाबालिग पुत्री घर से बिना बताए कहीं चली गई है। शिकायत के आधार पर करैरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए धारा 137(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शिवपुरी श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया ने नाबालिग बच्चों की शीघ्र तलाश के लिए जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने के निर्देश दिए थे। इन्हीं निर्देशों के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संजीव मुले एवं एसडीओपी करैरा श्री आयुष जाखड़ के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने विभिन्न बिंदुओं पर पड़ताल करते हुए नाबालिग बालिका की तलाश तेज की और लगातार प्रयासों के बाद उसे 24 घंटे के अंदर सुरक्षित दस्तयाब कर लिया। इसके बाद बालिका को सीडब्ल्यूसी (बाल कल्याण समिति) के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां काउंसलिंग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया।
इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी करैरा निरीक्षक विनोद छावई, उप निरीक्षक राजकुमार सिंह चाहर, प्रधान आरक्षक वीरेन्द्र कुमार तथा महिला आरक्षक देवकी पाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
⚖️ नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर करैरा पुलिस की यह त्वरित कार्रवाई एक सकारात्मक संदेश मानी जा रही है, जिसमें समय रहते बालिका को सुरक्षित खोजकर परिवार को राहत दी गई।