सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में कोतवाली थाना पुलिस ने एक विवाहिता को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले जाने और दुष्कर्म करने के मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने महिला को ग्वालियर से बरामद किया, जहां आरोपी उसके साथ किराए के कमरे में रह रहा था।मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।
जानकारी के अनुसार 26 मार्च 2026 को महिला के पति ने अपनी पत्नी के लापता होने की रिपोर्ट कोतवाली थाने में दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने गुमशुदगी कायम कर जांच शुरू की और महिला की तलाश में जुट गई।
कोतवाली प्रभारी टीआई रोहित दुबे ने बताया कि 16 मई 2026 को पुलिस टीम ने महिला को ग्वालियर से बरामद किया। पूछताछ के दौरान महिला ने बताया कि पोहरी थाना क्षेत्र के बीलवारा निवासी मनोज भट्ट उसे शादी का भरोसा देकर अपने साथ ले गया था और उसके साथ दुष्कर्म किया।
महिला के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा-69 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
शादी से पहले से थी पहचान
पुलिस जांच में सामने आया कि 23 वर्षीय पीड़िता की शादी कुछ वर्ष पहले हो चुकी थी। आरोपी मनोज महिला को शादी से पहले से जानता था। आरोप है कि शादी के बाद भी वह लगातार महिला पर पति से अलग होने और तलाक लेने का दबाव बनाता रहा। इसके बाद शादी का वादा कर उसे अपने साथ ले गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शिवपुरी श्रीमती यांगचेन डोलकर भुटिया के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने विशेष टीम बनाई। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 27 वर्षीय मनोज पुत्र रमेश राव, निवासी बीलवारा, थाना पोहरी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।
कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई से महिला को सुरक्षित बरामद किया गया और आरोपी तक पहुंच बनाई गई।
यह मामला आरोपों पर आधारित है। दोष सिद्ध होने तक आरोपी कानून की नजर में आरोपी माना जाता है, दोषी नहीं।