सागर शर्मा शिवपुरी:शिवपुरी जिले के बदरवास क्षेत्र में एक बार फिर सिंध नदी का सढ़बूढ़ घाट सुर्खियों में आ गया है। रविवार रात स्टॉप डेम के कई गेट अचानक खोल दिए गए, जबकि कुछ गेट क्षतिग्रस्त मिलने की जानकारी भी सामने आई है। गेट खुलते ही नदी का पानी तेजी से मड़ीखेड़ा डैम की ओर बहने लगा और आसपास के गांवों में चिंता का माहौल बन गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि यह कोई सामान्य घटना नहीं, बल्कि इसके पीछे रेत माफियाओं का खेल हो सकता है। लोगों का कहना है कि पानी का स्तर घटाकर अवैध रेत उत्खनन को आसान बनाने की कोशिश की जा रही है। सढ़बूढ़ घाट पहले भी अवैध खनन को लेकर विवादों में रहा है और इससे पहले 24 अप्रैल की रात भी चार गेट खोले जाने का मामला सामने आया था।
सबसे बड़ा सवाल अब यह उठ रहा है कि अगर पहले भी ऐसी घटना हो चुकी थी तो सुरक्षा व्यवस्था मजबूत क्यों नहीं की गई? गेटों की स्थायी मरम्मत क्यों नहीं हुई? और आखिर बार-बार स्टॉप डेम तक पहुंच कौन रहा है?ग्रामीणों की चिंता अब सिर्फ नदी तक सीमित नहीं है।
उनका कहना है कि यदि जल्द गेट बंद नहीं हुए तो आसपास के गांवों में कुएं, हैंडपंप और जल स्रोत प्रभावित हो सकते हैं, जिससे गर्मी के मौसम में पीने के पानी और मवेशियों के लिए संकट खड़ा हो सकता है।
मामले को लेकर बदरवास तहसीलदार सचिन भार्गव ने बताया कि जल संसाधन विभाग को गेट बंद कराने के निर्देश दे दिए गए हैं और अज्ञात लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ एफआईआर की कार्रवाई की जाएगी।
🔥 अब बड़ा सवाल — यह सिर्फ शरारत है या पानी के पीछे कोई बड़ा खेल चल रहा है?
सिंध नदी का पानी बह रहा है… लेकिन सवाल अभी भी वहीं खड़े हैं!