बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी शहर में यातायात पुलिस ने बुधवार देर शाम बिना नंबर प्लेट वाले दोपहिया वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। शहर के विभिन्न चौराहों और मुख्य मार्गों पर की गई कार्रवाई के दौरान 25 बाइक और स्कूटी जब्त कर यातायात थाने लाया गया।
चौंकाने वाली बात यह रही कि कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे और नाबालिग बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाते हुए पाए गए। इससे शहर में सड़क सुरक्षा और अभिभावकों की लापरवाही को लेकर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।
यातायात प्रभारी रणवीर सिंह यादव ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस ने सभी वाहन चालकों को यातायात थाने बुलाकर नंबर प्लेट लगाने के निर्देश दिए। आवश्यक समझाइश देने के बाद वाहनों को छोड़ा गया।
क्यों जरूरी है नंबर प्लेट?
यातायात प्रभारी ने बताया कि बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने से अपराध, चोरी या सड़क दुर्घटना की स्थिति में वाहन की पहचान करना बेहद मुश्किल हो जाता है। कई बार अपराधी भी पहचान छिपाने के लिए बिना नंबर प्लेट वाहन का इस्तेमाल करते हैं।
अब शहर में चलेगा लगातार अभियान
यातायात पुलिस का साफ कहना है कि सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। आने वाले दिनों में हेलमेट, ट्रिपल राइडिंग और नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ भी विशेष अभियान चलाया जाएगा।
सवाल यह भी…
क्या अभिभावक खुद अपने बच्चों को नियम तोड़ने के लिए बढ़ावा दे रहे हैं?
क्या बिना नंबर प्लेट वाहन चलाना अब शहर में आम बात बन चुकी है?