थाना प्रभारी संजय लोधी ने मैन रोड-चौराहों पर CCTV कैमरे लगाने और रात्रि गश्त बढ़ाने पर दिया जोर
अतुल जैन एंकर:- पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देशानुसार आगामी त्योहारों के दौरान क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से थाना बामौर कलां परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी संजय लोधी ने की, जिसमें क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं पत्रकार बंधु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे बैठक में थाना प्रभारी संजय लोधी ने सभी उपस्थित सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाए जाएं।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद की स्थिति निर्मित न हो, इसके लिए सभी नागरिकों का सहयोग आवश्यक है। पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
थाना प्रभारी ने बैठक में महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखते हुए बताया कि कस्बे के मुख्य मार्गों एवं संवेदनशील चौराहों पर सुरक्षा की दृष्टि से CCTV कैमरे लगाए जाने की योजना है। इससे न केवल अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी, बल्कि यातायात व्यवस्था भी सुधरेगी और किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई संभव हो सकेगी।
उपस्थित नागरिकों ने इस प्रस्ताव का स्वागत किया। बैठक में रात्रि गश्त व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी विस्तृत चर्चा हुई। थाना प्रभारी ने बताया कि त्योहारों के दौरान विशेष रूप से रात्रि में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाएगी।
भीड़भाड़ वाले स्थानों, बाजार क्षेत्र एवं संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। शांति समिति की बैठक में उपस्थित गणमान्य नागरिकों एवं पत्रकार बंधुओं ने भी अपने सुझाव रखे।
सदस्यों ने कहा कि त्योहारों के दौरान धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष निगरानी, सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई और युवा वर्ग को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाए। थाना प्रभारी ने सभी सुझावों पर गंभीरता से अमल करने का आश्वासन दिया।
थाना प्रभारी संजय लोधी ने विशेष रूप से सोशल मीडिया के दुरुपयोग को लेकर नागरिकों को सतर्क किया। उन्होंने कहा कि कोई भी पोस्ट, वीडियो या मैसेज बिना पुष्टि के शेयर न करें। यदि किसी को कोई आपत्तिजनक सामग्री दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।