सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले की खनियाधाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। रात्रि कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने हत्या, लूट और अपहरण जैसे गंभीर मामलों में फरार चल रहे आरोपी महेन्द्र सिंह यादव को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पिछले दो साल से पैरोल जंप कर फरार था और उसके पास से अवैध हथियार भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संजीव मुले के निर्देशन में जिलेभर में फरार और स्थायी वारंटियों की धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एसडीओपी पिछोर श्री प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में खनियाधाना पुलिस ने यह कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार 8-9 मई 2026 की रात कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हत्या, लूट और अपहरण का आरोपी महेन्द्र सिंह यादव निवासी ग्राम सिनावल खुर्द अपने घर आया हुआ है और उसके पास कट्टा भी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम गांव पहुंची।
पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक 315 बोर का कट्टा और दो जिंदा राउंड बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम महेन्द्र सिंह यादव पुत्र बहोरन सिंह यादव उम्र 56 वर्ष निवासी ग्राम सिनावल खुर्द बताया।
⚠️ पुलिस के मुताबिक आरोपी पर थाना खनियाधाना सहित अन्य जिलों और दूसरे राज्यों में भी कुल 21 अपराध दर्ज हैं। वर्तमान में वह थाना बहोड़ापुर ग्वालियर के अपराध क्रमांक 516/2024 में भी फरार चल रहा था। आरोपी को न्यायालय खनियाधाना में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट मिलने के बाद उसे उपजेल पिछोर भेज दिया गया।
👮♂️ इस कार्रवाई में निरीक्षक केदार सिंह यादव, सउनि राम सिंह भिलाला, प्रधान आरक्षक नीतू सिंह, नरेंद्र पाल, हीरा सिंह सहित पूरी पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।