बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले की कोलारस थाना पुलिस ने तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक महिला का बस में छूटा जेवरों और नगदी से भरा पर्स खोजकर सुरक्षित वापस लौटाया है। पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है। बताया जा रहा है कि पर्स में रखे जेवर और नकदी सहित पूरे मशरूका की कीमत करीब 2 लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन में जिलेभर में अपराध नियंत्रण और अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी कोलारस संजय मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना कोलारस पुलिस ने यह सराहनीय कार्यवाही की !
जानकारी के अनुसार श्रीमती पिंकी बानो पत्नी नाजिस मोहम्मद, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम हीरापुर थाना पिछोर ने 19 मई को थाना कोलारस पहुंचकर लिखित आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि वह सुबह करीब 10:30 बजे रघुवंशी बस से खोंड से पडोरा आ रही थीं। पडोरा उतरते समय वह अपना पर्स बस की सीट पर ही भूल गईं और नीचे उतर गईं।
महिला ने बताया कि पर्स में कीमती जेवरात और नगदी रकम रखी हुई थी। पर्स गायब होने के बाद महिला परेशान हालत में थाना पहुंची और पुलिस से मदद की गुहार लगाई। आवेदन मिलते ही थाना कोलारस पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस टीम ने बस में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज, बस स्टैंड और जगतपुर बस स्टैंड के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। लगातार जांच और तलाश के बाद पुलिस ने पर्स का पता लगा लिया और उसमें रखा पूरा सामान सुरक्षित बरामद कर लिया।
इसके बाद पुलिस ने जेवर और नगदी से भरा पर्स महिला पिंकी बानो को पूरे मशरूका सहित सुपुर्द कर दिया। अपना खोया सामान वापस मिलने पर महिला ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
इस सराहनीय कार्यवाही में उप निरीक्षक बबलेश कुमार, सहायक उप निरीक्षक अमृतलाल भिलाला, प्रधान आरक्षक सुधीर सिंह, प्रधान आरक्षक नरेश यादव, आरक्षक पुष्पेन्द्र रावत और आरक्षक चालक रनवीर सिंह यादव की विशेष भूमिका रही।
🚔 थाना कोलारस पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया कि तत्परता और संवेदनशीलता से लोगों का भरोसा मजबूत होता है।