स्कूलों के आसपास नहीं बिकेंगे नशीले पदार्थ: कलेक्टर अर्पित वर्मा का सख्त संदेश, मेडिकल स्टोर और नशा मुक्ति केंद्रों की होगी जांच

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में बढ़ते नशे के खतरे को देखते हुए प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में दिखाई दे रहा है। मंगलवार को आयोजित नारकोटिक्स एवं नशीले पदार्थों की रोकथाम एवं समन्वय समिति की बैठक में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने साफ निर्देश दिए कि जिले में नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए सभी विभाग मिलकर प्रभावी कार्रवाई करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में कलेक्टर अर्पित वर्मा और पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान ड्रग इंस्पेक्टर को मेडिकल स्टोरों की नियमित जांच के निर्देश दिए गए, वहीं सामाजिक न्याय विभाग और पुलिस विभाग को संयुक्त रूप से नशा मुक्ति अभियान चलाने को कहा गया।

कलेक्टर अर्पित वर्मा ने विशेष रूप से स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास नशीले पदार्थों और धूम्रपान सामग्री की बिक्री पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूलों के आसपास किसी भी तरह के नशीले पदार्थों का विक्रय नहीं होना चाहिए और ऐसी दुकानों को हटाने की कार्रवाई की जाए।

बैठक में स्कूल शिक्षा विभाग को भी अहम जिम्मेदारी दी गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाकर बच्चों और युवाओं को नशे से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में बताया जाए। प्रशासन का मानना है कि कम उम्र में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को रोकने के लिए स्कूल स्तर पर जागरूकता बेहद जरूरी है।

खाद एवं औषधि प्रशासन विभाग को निर्देश देते हुए कलेक्टर ने कहा कि मेडिकल स्टोरों और दवा दुकानों का लगातार निरीक्षण किया जाए। प्रतिबंधित दवाओं, नशीले पदार्थों और आम नागरिकों के लिए हानिकारक दवाओं की विशेष जांच हो। यदि कोई संदिग्ध गतिविधि सामने आती है तो तत्काल कार्रवाई की जाए।

इसके साथ ही आबकारी विभाग को भी निर्देशित किया गया है कि मदिरा दुकानों की निगरानी बढ़ाई जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि वहां किसी प्रकार के प्रतिबंधित ड्रग्स या नशीले पदार्थों का अवैध विक्रय न हो।

बैठक के बाद प्रशासन का संदेश साफ है — शिवपुरी में अब नशे के खिलाफ सख्त अभियान चलेगा। स्कूल, मेडिकल स्टोर, नशा मुक्ति केंद्र और शराब दुकानों तक निगरानी बढ़ेगी। आने वाले दिनों में जिले में बड़े स्तर पर कार्रवाई देखने को मिल सकती है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)