“3 लाख लेकर दिया बाउंस चेक!” विधवा महिला ने आरोपी की गिरफ्तारी की लगाई गुहार, पुलिस पर भी उठे सवाल

Nikk Pandit
0

सागर शर्मा शिवपुरी:शिवपुरी जिले में एक विधवा आदिवासी महिला के साथ कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। महिला ने पुलिस अधीक्षक शिवपुरी को आवेदन देकर आरोप लगाया है कि एक व्यक्ति ने पारिवारिक जरूरत का हवाला देकर उससे 3 लाख रुपए उधार लिए, लेकिन पैसे लौटाने के बजाय बाउंस चेक थमा दिया। अब पीड़िता आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रही है।

आवेदन के अनुसार फरियादिया श्रीमती बेबी आदिवासी पत्नी स्व. माधोसिंह आदिवासी निवासी फक्की निवास के सामने, एबी रोड शिवपुरी ने बताया कि 18 सितंबर 2020 को जुगल किशोर उर्फ खचेरा पुत्र विमलाल रजोरिया निवासी वीरपुर पाडक के बाल में राठौर मोहल्ला, शिवपुरी ने पारिवारिक खर्च का हवाला देकर उससे 3 लाख रुपए उधार लिए थे।

महिला का आरोप है कि आरोपी ने भरोसा दिलाया था कि जल्द पूरी रकम वापस कर देगा, लेकिन लंबे समय तक पैसे नहीं लौटाए। जब लगातार दबाव बनाया गया तो आरोपी द्वारा 17 अक्टूबर 2022 को 3 लाख रुपए का चेक दिया गया। फरियादिया का कहना है कि जब उक्त चेक बैंक में लगाया गया तो वह बाउंस हो गया।इसके बाद महिला ने न्यायालय का सहारा लिया।

आवेदन में बताया गया है कि न्यायालय द्वारा आरोपी के खिलाफ धारा 138 परक्राम्य लिखित अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। लेकिन आरोप है कि इसके बावजूद आरोपी लगातार पेशी से बचता रहा और अदालत में हाजिर नहीं हुआ।

फरियादिया ने आवेदन में यह भी लिखा कि 28 मार्च 2024 को न्यायालय ने आरोपी की गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। इसके बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई। महिला का आरोप है कि फिजिकल थाना पुलिस द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे आरोपी खुलेआम घूम रहा है।

सबसे भावुक बात आवेदन में यह सामने आई कि पीड़िता एक विधवा महिला है और उसने अपनी जीवनभर की जमा पूंजी आरोपी को विश्वास में देकर उधार दी थी। महिला ने कहा कि उसके परिवार में कमाने वाला कोई अन्य सदस्य नहीं है और अब वह आर्थिक संकट से जूझ रही है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)