सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के पिछोर थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। ग्राम हीरापुर बड़ेरा निवासी श्रीमती कमलेश जाटव पत्नी हरगोविंद जाटव ने पुलिस अधीक्षक शिवपुरी को आवेदन देकर अपने ही देवरों पर बेटी को बेचने की कोशिश, मारपीट और जान से मारने की धमकी जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। आवेदन सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
फरियादिया के अनुसार उसके देवर मुकेश जाटव पुत्र जगन जाटव ने उसकी पुत्री खुशी की सगाई कराने के नाम पर लड़के वालों से 60 हजार रुपये लिए थे। बाद में जब महिला को इस बात की जानकारी लगी तो उसने बेटी की सगाई तोड़ दी। इसके बाद परिवार में विवाद शुरू हो गया।
महिला ने आरोप लगाया कि 24 अप्रैल 2026 को जब वह अपने जेठ के यहां शादी समारोह में गई थी, तभी वहां देवर मुकेश जाटव और इमरत जाटव ने उसके साथ और उसकी मां गोमती बाई के साथ बेरहमी से मारपीट की। आवेदन में कहा गया है कि मारपीट में महिला की आंखों के नीचे खून जम गया और उसकी मां को भी गंभीर चोटें आईं।
फरियादिया ने बताया कि मामले की शिकायत पिछोर थाने में की गई, लेकिन पुलिस ने FIR दर्ज करने के बजाय केवल एनसीआर क्रमांक 0188 दिनांक 25.04.2026 दर्ज कर मामला शांत कर दिया। महिला का आरोप है कि आरोपी अब भी खुलेआम घूम रहे हैं और लगातार धमकियां दे रहे हैं।
आवेदन में बेहद चौंकाने वाला आरोप यह भी लगाया गया है कि आरोपी कहते हैं — “उस दिन बच गई, अब तुझे और तेरे बच्चों को जान से खत्म कर देंगे।” महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी उसकी बेटियों को कहीं बेच देने की धमकी दे रहे हैं और कहते हैं कि “पुलिस हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकती।”
महिला ने आवेदन में दावा किया है कि आरोपी परिवार पहले भी शादी के नाम पर पैसों का लेन-देन करता रहा है और अब लड़कियों को बेचने जैसे गलत कामों में शामिल है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन आवेदन में लगाए गए आरोपों ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
फरियादिया ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ तत्काल FIR दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए और उसके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए। महिला का कहना है कि उसे और उसके बच्चों की जान को खतरा है।
नीतू सिंह थाना प्रभारी पिछोर
हमारे द्वारा प्रकरण दर्ज पूर्व में ही कर लिया गया है जमीनी विवाद का ममला था