सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के कोलारस कस्बे में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक मामला कोलारस से सामने आया है, जहां एक शासकीय शिक्षक ने अपने ही पिता और भाइयों पर परिवार को प्रताड़ित करने और पानी तक बंद कर देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। भीषण गर्मी के बीच पानी को लेकर शुरू हुआ यह विवाद अब पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक पहुंच गया है और इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है।
कोलारस निवासी नजीर हुसैन कुरैशी पुत्र महबूब अहमद ने एसपी शिवपुरी को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि उनके पिता महबूब अहमद, भाई आरिफ हुसैन, असलम हुसैन और परिवार के अन्य लोग जानबूझकर उनके घर की पानी सप्लाई बंद कर रहे हैं। आवेदन के मुताबिक घर की महिलाओं तक को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है।
सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा हो रहा है कि आखिर एक पिता अपने ही बेटे के परिवार को पानी जैसी मूलभूत जरूरत से क्यों वंचित करेगा? आवेदन में बताया गया है कि नजीर हुसैन शासकीय शिक्षक हैं और जनगणना जैसे महत्वपूर्ण सरकारी कार्यों में व्यस्त रहते हैं। इसी का फायदा उठाकर उनके परिवार को मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है।
पीड़ित ने आवेदन में लिखा कि उनकी पत्नी जब बाहर पानी भरने जाती हैं तो विवाद और झगड़े जैसी स्थिति बन जाती है। मोहल्ले में आए दिन तनाव का माहौल रहता है। गर्मी के इस मौसम में पानी को लेकर बढ़ता विवाद अब किसी बड़े बवाल की आहट देने लगा है।
चौंकाने वाली बात यह भी सामने आई कि नजीर हुसैन ने इस मामले की शिकायत पहले भी 22 अप्रैल 2025 को कोलारस थाने में की थी, लेकिन आरोप है कि आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब सवाल पुलिस प्रशासन पर भी उठने लगे हैं कि आखिर शिकायत के बाद भी कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
इलाके में इस पूरे मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कोई इसे पारिवारिक विवाद बता रहा है तो कोई संपत्ति और आपसी रंजिश से जोड़कर देख रहा है। लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की है कि पानी जैसी जरूरत को लेकर परिवार के अंदर ही जंग छिड़ गई है।
अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है। क्या पीड़ित शिक्षक को न्याय मिलेगा? या फिर पानी की यह लड़ाई किसी बड़े विवाद का रूप लेगी? फिलहाल कोलारस में यह मामला चर्चा और सवालों के केंद्र में बना हुआ है।