सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के फिजिकल थाना क्षेत्र से घरेलू प्रताड़ना और मारपीट का मामला सामने आया है। नेहा जाटव पत्नी अजय जाटव निवासी सईसपुरा मीट मार्केट शिवपुरी ने थाना प्रभारी फिजिकल को आवेदन देकर अपने पति पर दहेज की मांग, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं।
आवेदन के अनुसार नेहा जाटव का विवाह करीब 3 वर्ष पहले हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। महिला का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही उसका पति उसे दहेज को लेकर परेशान करने लगा। आए दिन विवाद और मानसिक प्रताड़ना के चलते वह पिछले एक महीने से अपने मायके में रह रही है।
फरियादिया ने बताया कि इसके बावजूद उसका पति लगातार उसके मायके पहुंचकर विवाद करता है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि 12 मई 2026 की सुबह करीब 7 बजे पति घर आया और महिला के साथ-साथ उसके माता-पिता के साथ भी गाली-गलौज और मारपीट की।
महिला का कहना है कि यह पहली बार नहीं है, बल्कि उसका पति पहले भी कई बार ऐसी हरकत कर चुका है। लगातार हो रही प्रताड़ना से पूरा परिवार डर और तनाव में जी रहा है। आवेदन में यह भी लिखा गया कि परिवार अब खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।
नेहा जाटव ने पुलिस से मांग की है कि उसके पति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि उसे और उसके परिवार को राहत मिल सके। आवेदन में पति का मोबाइल नंबर भी दर्ज कराया गया है।