बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी शहर में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती रविवार को शिवपुरी में श्रद्धा, उत्साह और गरिमामय वातावरण के बीच मनाई गई। इस अवसर पर समाज द्वारा भव्य शोभायात्रा निकाली गई तथा सम्मान समारोह का आयोजन कर लोकमाता के जीवन, आदर्शों और जनकल्याणकारी कार्यों को याद किया गया।
शोभायात्रा का शुभारंभ काली माता मंदिर से हुआ, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए मानस भवन गांधी पार्क पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए और लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।
महापुरुषों के विचारों को जीवन में उतारने की जरूरत
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पोहरी विधायक कैलाश कुशवाह ने कहा कि केवल महापुरुषों की जयंती मनाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके विचारों और आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना भी आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा को प्राथमिकता देने, माता-पिता की सेवा करने और आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।
विधायक कुशवाह ने समाज में एकजुटता बनाए रखने, फिजूलखर्ची से बचने और बचत की आदत विकसित करने पर भी जोर देते हुए कहा कि संगठित और शिक्षित समाज ही विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकता है।
अहिल्याबाई का जीवन आज भी प्रेरणास्रोत
पूर्व विधायक लाखन सिंह बघेल ने अपने संबोधन में कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर का शासनकाल जनकल्याण, धर्म, संस्कृति और सुशासन का उत्कृष्ट उदाहरण रहा है। उनके द्वारा किए गए कार्य आज भी समाज को प्रेरणा देते हैं और राष्ट्र निर्माण की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करते हैं।
वहीं रिटायर्ड डीएसपी मदन पाल ने समाज के विकास में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, आपसी सहयोग और सामंजस्य की भावना को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया।
बड़ी संख्या में समाजजन रहे उपस्थित
कार्यक्रम में अजब सिंह बघेल, पंकज पाल, नेपाल सिंह बघेल, होतम बघेल, सुरेंद्र बघेल, दीपेंद्र पाल, रामनिवास बघेल, पवन पाल, धर्मेंद्र पाल, सूरज पाल, अमित पाल, नीरज पाल, राकेश पाल, रघुवीर पाल, नरेंद्र बघेल, विशाल बघेल, अंकेश बघेल, दिलीप बघेल सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की जयंती पर आयोजित इस कार्यक्रम में समाज के लोगों ने उनके आदर्शों पर चलने और समाज के उत्थान के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।