बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर नगर पालिका परिषद शिवपुरी के मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री इशांक धाकड़ ने रविवार को शहर के विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर स्वच्छता एवं सफाई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वार्डों में चल रहे सफाई कार्य, नालियों की स्थिति, कचरा संग्रहण व्यवस्था एवं सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई का बारीकी से अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान वार्ड क्रमांक 30 में कुछ स्थानों पर गंदगी एवं स्वच्छता संबंधी अनियमितताएं पाई गईं। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य नगरपालिका अधिकारी ने तत्काल संबंधित स्वच्छता अमले को मौके पर बुलाकर सफाई कार्य कराने के निर्देश दिए। निर्देश मिलते ही सफाई दल सक्रिय हुआ और विशेष अभियान चलाकर क्षेत्र की सफाई कराई गई तथा स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त किया गया।
जहां कमी मिली, वहां तुरंत हुआ सुधार
मुख्य नगरपालिका अधिकारी इशांक धाकड़ ने कहा कि नगर पालिका का उद्देश्य शिवपुरी शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाए रखना है। इसी उद्देश्य से नियमित निरीक्षण किए जा रहे हैं और जहां भी सफाई व्यवस्था में कोई कमी सामने आती है, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सभी वार्डों में नियमित रूप से सफाई कार्य कराया जाए, नालियों की समय-समय पर सफाई सुनिश्चित की जाए तथा कचरा संग्रहण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाए, ताकि नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण मिल सके।
स्वच्छ शिवपुरी के लिए नागरिकों से भी सहयोग की अपील
नगर पालिका परिषद द्वारा शहर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए लगातार विशेष अभियान संचालित किए जा रहे हैं। साथ ही नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें और स्वच्छता बनाए रखने में नगर पालिका का सहयोग करें।
"स्वच्छ शिवपुरी – सुंदर शिवपुरी, हम सबकी जिम्मेदारी" के संदेश के साथ नगर पालिका द्वारा शहर को साफ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के प्रयास लगातार जारी हैं।