बंटी शर्मा शिवपुरी। खबर शिवपुरी शहर में आवारा एवं आक्रामक कुत्तों की बढ़ती घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका परिषद शिवपुरी द्वारा लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। नगर पालिका की डॉग स्क्वॉड टीम प्रतिदिन शहर के विभिन्न वार्डों और मोहल्लों में भ्रमण कर आवारा कुत्तों को पकड़ने तथा उन्हें सुरक्षित स्थानों पर छोड़ने की कार्रवाई कर रही है।
हाल ही में एक आक्रामक कुत्ते द्वारा कई लोगों को घायल किए जाने की घटना के बाद नगर पालिका ने तत्काल संज्ञान लेते हुए विशेष सर्च अभियान चलाया और संबंधित कुत्ते को पकड़ लिया। इसके साथ ही शहर के अन्य क्षेत्रों में भी निगरानी बढ़ा दी गई है तथा आवारा कुत्तों को पकड़ने की कार्रवाई लगातार जारी है!
नगर पालिका परिषद शिवपुरी ने सभी नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई पागल, आक्रामक अथवा घातक कुत्ता दिखाई दे या किसी जानवर का व्यवहार असामान्य लगे तो इसकी सूचना तुरंत नगर पालिका को दें। प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों से बचने और केवल सटीक एवं सत्यापित जानकारी देने का आग्रह किया है, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
नगर पालिका का कहना है कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से डॉग स्क्वॉड टीम को 24 घंटे सक्रिय रखा गया है। प्राप्त होने वाली प्रत्येक सूचना पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
☎️ हेल्पलाइन नंबर
🐕 डॉग स्क्वॉड प्रभारी – श्री छोटेलाल बाथम
📞 मोबाइल नंबर: 7898613388
इसके अतिरिक्त नागरिक नगर पालिका परिषद शिवपुरी के किसी भी कर्मचारी अथवा कार्यालय में भी सूचना दे सकते हैं।
नगर पालिका परिषद शिवपुरी ने शहरवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सभी के सहयोग से ही शिवपुरी को सुरक्षित, स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाया जा सकता है।