बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत करैरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद सिंह छावई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एक युवक को 315 बोर के देशी कट्टे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी किसी वारदात को अंजाम देने की नीयत से क्षेत्र में घूम रहा था।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशानुसार जिलेभर में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मूले एवं एसडीओपी करैरा डॉ. आयुष जाखड़ के मार्गदर्शन में करैरा पुलिस सक्रिय रूप से कार्रवाई कर रही है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
दिनांक 30 मई 2026 को करैरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति नई गल्ला मंडी के पीछे संभूदयाल कॉलोनी के पास अवैध 315 बोर का कट्टा लेकर किसी वारदात की नीयत से खड़ा है
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विनोद छावई के निर्देशन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर संदिग्ध युवक भागने लगा, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम संजय जाटव (29 वर्ष) पुत्र मायाराम जाटव निवासी न्यू कॉलोनी करैरा बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी की कमर से 315 बोर का देशी कट्टा तथा पैंट की जेब से एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। जब पुलिस ने हथियार रखने का वैध लाइसेंस मांगा तो आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से देशी कट्टा एवं कारतूस जब्त कर उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 357/26 के तहत धारा 25/27 आर्म्स एक्ट में प्रकरण दर्ज किया। आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया।
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद सिंह छावई, सउनि शैलेन्द्र सिंह चौहान, प्रधान आरक्षक राजेन्द्र यादव एवं आरक्षक राघवेन्द्र पाल की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।
करैरा पुलिस का स्पष्ट संदेश — अवैध हथियार रखने वालों और अपराध की नीयत से घूमने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।