सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के पिछोर थाना क्षेत्र के गोचौनी गांव में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 35 वर्षीय युवक का शव घर के पीछे पेड़ पर फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गोचौनी गांव निवासी बल्लू उर्फ ब्रजेश लोधी (35 वर्ष) बुधवार रात अपने घर पर सोया था। गुरुवार सुबह जब परिजनों की नजर घर के पीछे गई तो युवक का शव पेड़ पर फंदे से लटका दिखाई दिया। यह दृश्य देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
घटना की सूचना तत्काल हिम्मतपुर चौकी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
फिलहाल युवक द्वारा यह आत्मघाती कदम किन परिस्थितियों में उठाया गया, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। परिजन भी घटना को लेकर कुछ स्पष्ट नहीं बता पा रहे हैं। पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। वहीं गांव में युवक की मौत के बाद शोक का माहौल बना हुआ है। अचानक हुई इस घटना से परिजन गहरे सदमे में हैं।