केजीपी एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक हादसा, शिवपुरी के युवक की मौत:मोबाइल से भरा कैंटर लेकर जा रहा था युवक, आगे चल रही गाड़ी के अचानक ब्रेक लगाने से हुआ हादसा

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:खबर हरियाणा के पलवल जिले में केजीपी एक्सप्रेस-वे पर हुए भीषण सड़क हादसे में मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि कैंटर चालक ने कैबिन में ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान शिवपुरी जिले के सेकरा गांव निवासी प्रताप यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रताप यादव 13 मई को नोएडा से मोबाइल से भरा कैंटर लेकर फर्रुखनगर की ओर जा रहा था। इसी दौरान पलवल के केजीपी एक्सप्रेस-वे पर पेलक टोल बूथ के पास आगे चल रहे एक अज्ञात वाहन चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए।

अचानक ब्रेक लगने के कारण प्रताप यादव का कैंटर अनियंत्रित होकर सामने चल रहे वाहन में पीछे से जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कैंटर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और प्रताप यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद उसने कैंटर की कैबिन में ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही चांदहट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को कैंटर सड़क पर खड़ा मिला, जबकि उसमें चालक प्रताप यादव मृत अवस्था में मिला। वहीं हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक अपने वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

चांदहट थाना प्रभारी हरी किशन ने बताया कि मृतक के भाई सोनसिंह की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।

पुलिस अब केजीपी एक्सप्रेस-वे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके।

इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। गांव सेकरा में युवक की मौत की खबर पहुंचते ही शोक का माहौल बन गया।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)