कपड़े लेने ससुराल पहुंची विवाहिता से मारपीट, दहेज में 3 लाख की मांग का आरोप

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:खबर जिले के बदरवास थाना क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना का एक मामला सामने आया है, जहां एक विवाहिता ने अपने पति, सास और ससुर पर मारपीट और दहेज की मांग करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, बदरवास निवासी निशा बैरागी ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी के करीब पांच साल बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा उस पर मायके से 3 लाख रुपए लाने का दबाव बनाया जा रहा था। निशा का आरोप है कि वर्ष 2025 से पति विनोद बैरागी, ससुर वंशीदास बैरागी और सास आशा बैरागी लगातार उसे पैसों के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर उसे ताने दिए गए और घर से निकाल दिया गया। इसके बाद से वह अपने मायके बदरवास में रह रही थी।

बताया जा रहा है कि शनिवार 10 मई 2026 को सुबह करीब 11 बजे निशा अपने पिता भरतदास बैरागी और रिश्तेदार देवकीनंदन के साथ ग्राम चन्दौरिया स्थित ससुराल में अपने कपड़े लेने पहुंची थी। आरोप है कि इसी दौरान ससुराल पक्ष ने उसके साथ विवाद करते हुए मारपीट कर दी।

पीड़िता के अनुसार, मारपीट में उसके पेट और बाएं हाथ में चोटें आई हैं। घटना के बाद वह सीधे बदरवास थाने पहुंची और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति, सास और ससुर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)