बंटी शर्मा शिवपुरी: खबर शिवपुरी शहर में एक काले कुत्ते का खौफ कम होने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को 60 से अधिक लोगों को घायल करने की घटना के बाद रविवार को भी कुत्ते के हमले के चार नए मामले सामने आए हैं। सबसे दर्दनाक मामला ढाई साल की मासूम बच्ची का है, जिसके चेहरे और मुंह पर गंभीर चोटें आईं और डॉक्टरों को 42 टांके लगाने पड़े।
जानकारी के अनुसार पुरानी शिवपुरी क्षेत्र की रहने वाली ढाई वर्षीय लेखिका कुशवाह घर की दहलीज पर खड़ी थी, तभी एक काले कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। परिजनों के मुताबिक कुत्ता बच्ची को खींचकर सड़क तक ले गया। इस दौरान एक बाइक सवार ने बच्ची को बचाने की कोशिश की, लेकिन कुत्ते ने उस पर भी हमला कर दिया और मौके से भाग निकला।
हमले में बच्ची के चेहरे और मुंह पर गंभीर घाव हो गए। जिला अस्पताल में उसका उपचार जारी है और डॉक्टरों ने उसके चेहरे पर 42 टांके लगाए हैं।
रविवार को भी कुत्ते के काटने के चार नए मामले जिला अस्पताल पहुंचे। महलसराय क्षेत्र निवासी संजू आदिवासी ने बताया कि सुबह तालाब की ओर जाते समय एक काले कुत्ते ने अचानक हमला कर उसकी पीठ और हाथ के नीचे काट लिया। वहीं आईटीबीपी क्षेत्र से भी तीन अन्य लोगों के कुत्ते के काटने की शिकायतें सामने आई हैं।
गौरतलब है कि शनिवार को शहर के हनुमान चौराहा, गांधी पार्क, फ्रूट मंडी, नवाब साहब रोड, कस्टम गेट, खुड़ा बस्ती और महल क्षेत्र सहित कई इलाकों में एक काले कुत्ते ने आतंक मचाते हुए 60 से अधिक लोगों को घायल कर दिया था। फ्रूट मंडी में फल व्यापारी पर हुए हमले की घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई थी।
नगर पालिका ने शनिवार को अभियान चलाकर काले रंग के चार कुत्तों को पकड़ा था और उन्हें पशु चिकित्सालय ले जाकर जांच कराई थी। जांच के बाद सभी कुत्तों को छोड़ दिया गया। लेकिन रविवार को फिर हमलों की घटनाएं सामने आने के बाद लोगों में डर और नाराजगी दोनों बढ़ गई हैं।