करैरा पुलिस का नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार, 43.06 ग्राम स्मैक के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत करैरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना करैरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 43.06 ग्राम स्मैक के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

जब्त स्मैक की कीमत लगभग 8 लाख 60 हजार रुपए बताई जा रही है। वहीं आरोपियों के कब्जे से एक TVS अपाचे मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है, जिसकी कीमत करीब 80 हजार रुपए आंकी गई है। कुल जब्त मसरूका लगभग 9 लाख 80 हजार रुपए का बताया गया है।

पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया द्वारा जिले में नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी करैरा आयुष जाखड़ के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद सिंह छावई एवं उनकी टीम लगातार कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति टीवीएस अपाचे बाइक से स्मैक बेचने के लिए नायरा पेट्रोल पंप के पास एनएच-27 पर आने वाले हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की। इस दौरान बाइक पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम अजय मीना (22 वर्ष) निवासी मूढरा हनुमान थाना धरनावदा जिला गुना तथा रामहेत मीना (31 वर्ष) निवासी अनंतपुर मोहिया थाना राधौगढ़ जिला गुना बताए।

तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के पास से 43.06 ग्राम स्मैक पाउडर बरामद हुआ। आरोपियों से स्मैक रखने का वैध लाइसेंस मांगा गया, लेकिन कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 333/26 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में स्मैक कहां से लाई गई और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। माना जा रहा है कि पूछताछ में नशा तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा भी हो सकता है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)