बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना भौंती पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 08 पेटी देशी प्लेन मदिरा (कुल 72 लीटर शराब) और एक एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब और वाहन की कुल कीमत लगभग 74 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर जिले में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में थाना भौंती पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग बाइक से शराब का परिवहन कर रहे हैं।
सूचना के आधार पर 21 मई की रात भयावन रोड स्थित बाली पहाड़िया के सामने वाहन चेकिंग लगाई गई। इसी दौरान HF डिलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक MP33MS3086 पर दो युवक बीच में सफेद रंग की झाल रखकर आते दिखाई दिए। पुलिस ने रोककर जांच की तो झाल के अंदर 08 पेटी देशी प्लेन शराब, कुल 400 क्वार्टर यानी 72 लीटर मदिरा बरामद हुई।
पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम राजकपूर पटेल (22 वर्ष) एवं दीपक पटेल (27 वर्ष) निवासी ग्राम नंदना थाना भौंती बताए। पूछताछ के दौरान दोनों शराब के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस नहीं दिखा सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे पिछले कुछ समय से भौंती क्षेत्र के एक व्यक्ति से शराब खरीद रहे थे और इस बार भी वहीं से शराब लेकर आ रहे थे। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और सप्लाई चैन से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
पुलिस ने मौके से 08 पेटी देशी शराब कीमत 24 हजार रुपये और HF डिलक्स मोटरसाइकिल कीमत 50 हजार रुपये जब्त की है। कुल मशरूका की कीमत 74 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 166/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में मामला दर्ज किया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक घनश्याम भदौरिया, सउनि संजय भगत सहित भौंती पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनकी कार्रवाई की क्षेत्र में चर्चा हो रही है।