सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी शहर के माधव नगर इलाके में किराए के मकान में बड़ी चोरी का मामला सामने आया है। चोर बंद कमरे का ताला तोड़कर लाखों रुपए के जेवर और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए।
पीड़िता का आरोप है कि पहले पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया, जिसके बाद उसे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत करनी पड़ी। एसपी ऑफिस के हस्तक्षेप के बाद अब कोतवाली पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, डावर छितरी थाना नरवर निवासी 28 वर्षीय पूनम योगी अपने पति अशोक योगी और तीन बच्चों के साथ शिवपुरी के माधव नगर में गौरव सेन के मकान में किराए से रहती हैं। उनके पति मुंबई में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते हैं, जबकि पूनम बच्चों के साथ शिवपुरी में रहती हैं।
पूनम ने बताया कि 8 मई को वह अपने बच्चों के साथ गांव छितरी गई थीं। जाते समय उन्होंने कमरे में ताला लगाया था और मकान के मुख्य गेट की चाबी मकान मालिक को सौंप दी थी। अगले दिन सुबह मकान मालिक ने फोन कर बताया कि कमरे का ताला टूटा हुआ है।
सूचना मिलते ही पूनम गांव से तुरंत शिवपुरी पहुंचीं।
जब उन्होंने कमरे के अंदर जाकर देखा तो पूरा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात तथा मोबाइल फोन गायब थे। चोरी हुए सामान में एक बड़ा मंगलसूत्र, दो छोटे मंगलसूत्र, बीजासन, ओम पेंडेंट, सोने की नथ, चांदी की करधौनी, पायल, एक ओप्पो कंपनी का मोबाइल और दो कीपैड मोबाइल शामिल हैं।
पीड़िता के मुताबिक चोरी गए सामान की कुल कीमत 5 लाख रुपए से अधिक है। काफी तलाश और पुलिस के चक्कर लगाने के बाद भी जब कार्रवाई नहीं हुई, तब उन्होंने एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। आखिर बंद मकानों को निशाना बना रहे चोरों पर पुलिस कब शिकंजा कसेगी? और अगर पीड़ितों को FIR के लिए भी अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़ें, तो आम जनता न्याय की उम्मीद किससे करे?